CG- पति-पत्नी की मौत : तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवारों को कुचला, पति-पत्नी की मौके पर मौत, एक साथ दो अर्थी उठने से परिवार में पसरा मातम…..

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर से लगे आसना गांव के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, जामगुड़ा गांव निवासी सुखनाथ कश्यप अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर जगदलपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान जगदलपुर से रायपुर की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दंपति सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। कार में सवार तीन लोगों को इस दुर्घटना में मामूली चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण कार की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।



