छत्तीसगढ़

CG पति-पत्नी की मौत : एक साथ खत्म हुआ जिंदगी का सफर! दशगात्र से लौट रहे पति-पत्नी को बस ने रौंदा….

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार पति-पत्नी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी को इलाज के लिए रायपुर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद महिला की भी जान नहीं बच सकी। हादसे में दोनों की मौत से परिवार में मातम छा गया है। घटना पाटन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। वहीं, इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भुरकुनी निवासी द्रोणाचार्य साहू अपनी पत्नी तामेश्वरी साहू के साथ 19 नवंबर की शाम करीब 6ः40 बजे बाइक पर सवार होकर ग्राम कौही रानितराई गए थे। वहाँ वे एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल हुए थे और कार्यक्रम के बाद अपने गांव वापस लौट रहे थे।

जब उनकी बाइक पाटन में महामाया चौक के आगे अमलेश्वर रोड पर सुलभ शौचालय के पास पहुँची, तभी सामने से आ रही एक स्कूल बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि, बस चालक काफी तेज रफ्तार में था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, दम्पती सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं, साथ ही उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद डायल 112 की मदद से दोनों घायलों को पाटन के सरकारी अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद द्रोणाचार्य साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं तामेश्वरी साहू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। एक साथ पति-पत्नी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

पाटन पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए बस चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 184 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(ए) और 281 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button