CG – उप सरपंच के भतीजे की हत्या : चाकू से गोदकर उतार दिया मौत के घाट, गांव में तनाव और दहशत का माहौल, जांच में जुटी पुलिस……

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद से हत्या का सनसनी खेज मामला सामने आया है। शीतला मंदिर के मुद्दे को लेकर आयोजित बैठक में ग्रामीणों और उप सरपंच के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि कुणाल देशमुख पर सोहनलाल साहू ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 5 लोगों को हिरासत में लिया है। यह मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान कुणाल देशमुख के रूप में हुई है, जो कि उप सरपंच डोमेंद्र देशमुख का भतीजा था। ग्राम पंचायत बटेरा के आश्रित गांव जोगीभाठा में शीतला मंदिर के मुद्दे को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान उप सरपंच का गांव वालों के साथ विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
इस दौरान जब कुणाल देशमुख बीच बचाव करने आया, तो गांव के ही सोहनलाल साहू ने उसपर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के हमले में कुणाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी के साथ ही पुलिस ने मुख्य आरोपी सोहनलाल साहू सहित 5 लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



