धमतरी

CG: धमतरी पुलिस ने परखी डायल-112 की रफ्तार, 5 मिनट में पहुंची टीम..

धमतरी पुलिस की मुस्तैदी का बड़ा उदाहरण सामने आया है। आमजन को आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिले, इसे परखने के लिए पुलिस ने डायल-112 का सरप्राइज चेक किया। इस दौरान टीम ने महज 5 मिनट में मौके पर पहुंचकर अपनी तत्परता साबित की।

धमतरी में पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर डायल-112 सेवा की कार्यक्षमता और रिस्पांस टाइम का आकस्मिक परीक्षण किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने कंट्रोल रूम को सड़क दुर्घटना की काल्पनिक सूचना देकर टीम की तैयारी को परखा।

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तुरंत सक्रिय हुई और केवल 5 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने टीम के रिस्पांस टाइम, समन्वय और आपातकालीन कार्रवाई का निरीक्षण किया।

टीम की त्वरित प्रतिक्रिया पर संतोष जताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ आमजन की सहायता करने के निर्देश दिए गए। पुलिस का कहना है कि इस तरह के सरप्राइज चेक से आपातकालीन सेवाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना, अपराध या किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 पर संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए उसकी टीम 24 घंटे मुस्तैद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button