CG – खूंखार हुए कुत्ते! 31 लोगों पर किया हमला, एक के बाद एक लोगों को काटने से मची अफरातफरी, इलाके में दहशत का माहौल…..

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ में आक्रामक कुत्ते ने 31 लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, वार्ड क्रमांक 1, 2, 3 और 4 में कुत्ते का आतंक देखने को मिला है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्ता एक दिन पहले से असामान्य व्यवहार कर रहा था और राह चलते लोगों को निशाना बना रहा था। अब तक उसने 31 लोगों को घायल कर दिया है, जिसमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
घायलों को दिया गया एंटी-रेबीज इंजेक्शन
सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। अस्पताल के डॉ. नरेंद्र रात्रे RMO ने बताया कि सभी 31 घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगा दिया गया है और उनकी हालत सामान्य है।
इधर, पार्षद रामनाथ सिदार ने प्रशासन से तत्काल कुत्ते को पकड़ने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी घटना हो सकती है। नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंचकर कुत्ते को पकड़ने के प्रयास में जुटी है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।



