CG- नकली नोटों का खेल बेनकाब! 500 और 100 के जाली नोटों के साथ दो गिरफ्तार, जानिए कहां थी खपाने की साजिश…..

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में नकली नोट छापने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हसौद थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 500 और 100 रुपये के जाली नोट, कलर प्रिंटर और नोटों की छपाई में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, हसौद थाना क्षेत्र में नकली नोट छापने के मामले में दो लोगों को पकड़ा गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पड़ोसी जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कोसीर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से कुल 17 हजार 500 रूपए के नकली नोट बरामद किए हैं, जिसमें 500 और 100 रुपये के मूल्यवर्ग के नोट शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने पर छापेमारी कर 500 और 100 रुपये के जाली नोट, कलर प्रिंटर समेत नोटों की छपाई में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्रियां बरामद की गई हैं। जांच के दौरान पुलिस ने बताया कि, आरोपी प्रिंटर की मदद से बेहद शातिर तरीके से असली नोटों की तरह नकली नोट तैयार कर रहे थे और इन्हें स्थानीय बाजारों में खपाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि, इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और ये नकली नोट अब तक कहां-कहां खपाए गए हैं।



