छत्तीसगढ़

CG – चोरी का फर्जी खेल : फरियादी ही निकला चोरी का मास्टरमाइंड, बीमा क्लेम के लिए रची साजिश, ऐसे हुआ मामले का खुलासा…..

महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में जेसीबी चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फरियादी ही खुद साजिश का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने बीमा कंपनी से अवैध लाभ लेने के लिए अपने ही वाहन की चोरी की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, गोविंद धीवर ने अपनी जेसीबी मशीन चोरी होने की झूठी रिपोर्ट थाना खल्लारी में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान उसके बयान लगातार बदलते रहे, जिससे पुलिस को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने बीमा कंपनी से अवैध लाभ लेने के लिए पहले ही अपनी जेसीबी को बेच दिया था और फिर चोरी की झूठी कहानी रच दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दूसरी जेसीबी को घटनास्थल पर खड़ा कर नकली सीन भी तैयार किया था।

पुलिस ने दोनों जेसीबी वाहनों को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button