CG : पिता-पुत्र गिरफ्तार, इस बड़े कांड को दिया अंजाम, अब दोनों खाएंगे जेल की हवा…..

कबीरधाम। थाना सिटी कोतवाली के ग्राम मझगांव के एक घर से 12.50 लाख की चोरी की घटना को कबीरधाम पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने पिता-पुत्र सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ व उनकी निशानदेही पर चोरी की 11,53,000 रुपये भी बरामद कर लिए गए है। प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ आगे की जाँच कार्रवाई की जा रही है।
शाम के समय घर में घुसकर चोरी
दरअसल, ग्राम मझगांव निवासी हीरालाल साहू, पिता गोवर्धन साहू 36 वर्ष ने 24 सितंबर को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 15 सितंबर की शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच चोरों द्वारा घर में प्रवेश कर 12.50 लाख रुपये नगदी चोरी कर लिए।
प्रार्थी के अनुसार वह ट्रांसपोर्ट, मटेरियल सप्लाई व कृषि संबंधी कार्य करता है, जिसके कारण उसके पास रकम का लेन-देन होता रहता है। घटना के समय परिवार के लोगों द्वारा एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलते हुए देखा गया था। संदिग्ध ने चेहरे को गमछे से ढक रखा था।
घटना के संबंध में पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते घर में प्रवेश करने की आशंका भी जताई गई थी। घटनास्थल के आसपास से शराब की शीशी, कुएं में फेंका गया पर्स और गली में रकम रखने वाला खाली बैग भी मिला था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली में धारा 305(ए), 331(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई।
विशेष टीम गठित
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक श्री लालजी सिन्हा द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। चोरी की बड़ी रकम एवं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रकरण के शीघ्र खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए साइबर थाना एवं थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त विशेष टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ASP हेमसागर सिदार व ASP अमित पटेल के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की गई। थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों व तकनीकी जानकारी का बारीकी से विश्लेषण किया गया। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ मैदानी स्तर पर भी लगातार पतासाजी की गई।
पड़ोसी के घर में दाखिल हुआ आरोपी
पुलिस जांच व पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कमलेश पटेल, पिता भागवत पटेल 19 वर्ष निवासी ग्राम मझगांव ने घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कमलेश को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि 15 सितंबर को गणेश चतुर्थी होने के कारण गांव के लोग गणेश पंडाल में व्यस्त थे। आरोपी शाम करीब 5:30 बजे अपने पुराने मकान में गया और अंधेरा होने का इंतजार करता रहा। आरोपी का पुराना मकान व प्रार्थी हीरालाल साहू का मकान आपस में जुड़े हुए है एक छत से दूसरे के मकान में जाया जा सकता है।
रात में दिया घटना को अंजाम
अंधेरा होने के बाद आरोपी अपने पुराने मकान की छत से हीरालाल साहू के मकान की छत पर पहुंचा और छत के रास्ते कमरे में प्रवेश किया। कमरे में लगे बल्ब को निकालकर अलग रखने के बाद आरोपी ने आलमारी खोली। आलमारी के दराजों में रकम नहीं मिलने पर उसने लॉकर खोलकर उसमें रखे 500, 200 व 100 रुपये के नोटों के बंडल तथा पर्स निकाल लिए।
आरोपी द्वारा रकम को अपने गमछे में बांधकर पुराने मकान में ले जाने के बाद रकम को कार्टून में रखकर पुराने मकान की दूसरी मंजिल के कमरे के छज्जे में छिपाने की बात बताई।
रकम छिपाने में पिता ने सहयोग किया
पूछताछ में आरोपी कमलेश पटेल द्वारा अगले दिन अपने पिता भागवत पटेल 50 वर्ष को चोरी की घटना व रकम के संबंध में जानकारी दिया।आरोपी के अनुसार उसके द्वारा चोरी की गई रकम को पुराने मकान में छिपाकर रखा गया था। पिता भागवत पटेल को इसकी जानकारी होने पर दोनों ने मिलकर रकम को वहां से निकालकर अपने नए मकान में रख दिए थे।
पूछताछ में भागवत पटेल द्वारा बताया गया कि चोरी की रकम को कुछ दिनों तक पुराने मकान में रखने के बाद उसे खेत में बने बोर के कमरे में रखे थे। बारिश होने पर रकम को वापस लाकर अपने घर की आलमारी में रख दिए थे।
इस तरह पुलिस पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर चोरी की रकम को छिपाने व अलग-अलग स्थानों पर रखने में पिता भागवत पटेल की भूमिका भी रही।
11 लाख 53 हजार जब्त
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ एवं उनके द्वारा बताए गए स्थानों की निशानदेही के आधार पर चोरी की रकम में से 11,53,000 रुपये बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी कमलेश द्वारा चोरी की रकम में से कुछ राशि खर्च करना बताया। आरोपी पिता के द्वारा 50 हजार रुपये वाहन बनवाने व पार्ट्स खरीदने में खर्च की जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा बरामद रकम को प्रकरण में जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लगातार प्रयास से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण, घटनास्थल से प्राप्त तथ्यों तथा लगातार मैदानी पतासाजी के आधार पर पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों को जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप कमलेश पटेल व भागवत पटेल दोनों को उनके घर से पकड़ा गया।
साइबर थाना व सिटी कोतवाली टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
चोरी की बड़ी रकम की घटना के शीघ्र खुलासे एवं 11.53 लाख रुपये की बरामदगी में साइबर थाना एवं थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के साथ-साथ घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों व आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक लालजी सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश जायसवाल, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर तथा साइबर थाना टीम से सहायक उप निरीक्षक चंद्रकांत तिवारी, सहायक उप निरीक्षक आशिष सिंह, आरक्षक अमित ठाकुर, अजय वैष्णव, गज्जू राजपूत एवं सिटी कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।



