छत्तीसगढ़

CG – ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना से तंग आकर नाबालिग छात्रा ने की थी आत्महत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी……

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में आरक्षक की 17 वर्षीय बेटी पूजा पैकरा (पूजा सिंह) की आत्महत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आदिवासी छात्रा को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले मुख्य आरोपी विनोद वैद को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। वही दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह (पूजा पैकरा) ने बीते बुधवार को अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि रितु ‘आईसी मार्ट’ (IC Mart) गई थी, जहां मार्ट प्रबंधन ने उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया। प्रबंधन ने नाबालिग छात्रा को डरा-धमकाकर एक कागज पर जबरन लिखवा लिया कि उसने चोरी की है।

चोरी का आरोप लगाने के बाद मार्ट प्रबंधन ने छात्रा के परिवार को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। शुरुआत में लड़की से 15 हजार रुपये की मांग की गई। जब लड़की के चाचा मार्ट पहुंचे, तो प्रबंधन ने रकम बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी। इसके बाद जब छात्रा के पिता खुद मार्ट पहुंचे, तो प्रबंधन ने उनसे 50 हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर मार्ट प्रबंधन ने छात्रा की स्कूटी ही जबरन छीन ली।

बाजार के बीचों-बीच और परिवार के सामने मार्ट प्रबंधन द्वारा बुरी तरह जलील किए जाने और स्कूटी छीने जाने से आहत होकर छात्रा गहरे सदमे में चली गई, जिसके चलते उसने बुधवार दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी।

पुलिस अधीक्षक (SP) ने मामले के तीनों फरार आरोपियों जगत वैद, विनोद वैद और दीपक वैद पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुखबिर की सटीक सूचना पर कोरिया पुलिस की टीम ने राजस्थान में छापा मारकर आरोपी विनोद वैद को बीती रात दबोच लिया।

इस संवेदनशील मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने भी कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने घटना का संज्ञान लेते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस से मामले पर जवाब-तलब किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button