छत्तीसगढ़

CG – फिल्मी स्टाइल में लाखों की ठगी : गुटखा लाने के बहाने अकाउंटेंट को कार से उतारा, फिर पैसे लेकर ड्राइवर हुआ रफूचक्कर….

रायपुर। राजधानी रायपुर से लूट का मामला सामने आया है, जहां खम्हारडीह इलाके में एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी के 50 लाख रुपये लेकर उसका ही ड्राइवर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे धर दबोचा है और पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, खम्हारडीह निवासी कंस्ट्रक्शन कारोबारी उमेश अग्रवाल ने अपने अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन को 50 लाख रुपये बैंक में जमा करने के लिए दिए थे। अकाउंटेंट कार (CG 04 QG 663) में ड्राइवर कृष्णा साहू के साथ रकम लेकर बैंक पहुंचे, लेकिन बैंक बंद होने के कारण दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गीतांजलि नगर के पास ड्राइवर ने चालाकी से अकाउंटेंट को गुटखा लाने के बहाने गाड़ी से नीचे उतार दिया। जैसे ही अकाउंटेंट नीचे उतरा, ड्राइवर कृष्णा साहू मौके का फायदा उठाकर 50 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। इस दौरान सब इतनी तेजी से हुआ कि अकाउंटेंट कुछ समझ ही नहीं पाया। घटना के बाद उसने तुरंत कारोबारी को सूचना दी।

पुलिस के मुताबिक, कृष्णा साहू पिछले एक साल से कारोबारी के यहां ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। इस दौरान उसने मालिक का भरोसा भी जीत लिया था, लेकिन उसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया। जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद वह अपने भाठागांव स्थित घर नहीं पहुंचा। आरोपी मूल रूप से धमतरी का रहने वाला है, जहां पुलिस ने पहले भी दबिश दी थी, लेकिन उस समय कोई सुराग नहीं मिला था।

ताजा अपडेट के अनुसार पुलिस ने आरोपी कृष्णा साहू को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button