छत्तीसगढ़

CG – दोस्त को जिंदा जलाकर मार डाला, पार्टी के बहाने बुलाया, फिर पेट्रोल डालकर लगा दी आग, घायल युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम……

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आयी है। मामूली सी विवाद के बाद युवकों ने अपने दोस्त की जलाकर हत्या कर दी। उन्होंने पहले शराब पार्टी का बहाना बनाकर दोस्त को बुलाया और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने सात दिन तक अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार को दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। यह पूरा मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है।

शराब पार्टी के बहाने घर से ले गए

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मोहम्मद शाकिब (22) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, 12 जुलाई की शाम रामसागर पारा निवासी उसका स्कूल का दोस्त सोनू (18) शराब पार्टी का बहाना बनाकर उसे अपने साथ ले गया था। दोनों सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित खाली मैदान पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने शाकिब और उसकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसकी बाइक भी जलकर खाक हो गई।

इलाज के दौरान 7 दिन बाद हुई मौत

घटना के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे शाकिब को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सात दिनों तक इलाज चलने के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई।

बहन का आरोप

मृतक की बहन शहरबान ने बताया कि सोनू और शाकिब(मृतक) के बीच पहले किसी वाहन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों की बातचीत बंद हो गई थी। उसने बताया कि सोनू गुस्सैल स्वभाव का है और उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके भाई को बुलाया। बाद में परिवार को फोन कर बताया गया कि शाकिब जल गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक युवक मुकेश ने कहा था कि, मेरी गलती से वह जल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा, पेट्रोल डालकर लगाई गई आग

घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों का दावा है कि शाकिब बाइक पर बैठा था, तभी उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। हालांकि, इन दावों की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button