CG -लाखों का गांजा जब्त : अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, शातिर तरीके से हो रही थी तस्करी, 102 किलो गांजा जब्त, 2 नशे के सौदागर गिरफ्तार……

जगदलपुर,बस्तर। बस्तर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोधघाट थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ओडिशा में दबिश देकर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 102.82 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 51 लाख 41 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लाकर एक व्यक्ति आडावल रेलवे गेट के पास ग्राहकों की तलाश में खड़ा है, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में टीम बनाकर नाकाबंदी की गई। इस दौरान संदेह के आधार पर पकड़े गए आरोपी पवन नेताम निवासी तुरेनार, थाना नगरनार के पास से 2.58 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ में उसने बताया कि गांजा ओडिशा के रायगड़ा जिले से लाया गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने ओडिशा के रायगढ़ा जिले के काशीपुर थाना क्षेत्र के दाबलीगुड़ा गांव में दबिश देकर सप्लायर हीरालाल नायक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 100.24 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(B) और 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



