CG – हृदयविदारक घटना : पेड़ के नीचे बैठकर 2 साल के मासूम को दूध पिला रही थी माँ, कुछ देर बाद हो गया गायब, फिर नदी किनारे मिली लाश, पसरा मातम……

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हृदयविदारक घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे दो साल के मासूम की लाश मिली है। मृतक की पहचान केशव के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक, केशव अपने माता-पिता के साथ मजदूरी के लिए लालघाट गया था। बताया जा रहा है कि नाला पार करने के बाद परिवार डेंगूनाला के पास एक पेड़ के नीचे रुका था। इस दौरान पिता आगे निकल गए, जबकि मां पेड़ के नीचे बैठकर बच्चे को दूध पिला रही थी। इसी बीच मां की आंख लग गई और जब वह जागी तो मासूम वहां से गायब था। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने देखा शव
स्थानीय लोगों ने डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान केशव के रूप में की। घटना की सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि मां के सो जाने के दौरान मासूम खेलते-खेलते नाले में चला गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।



