CG- Heat Wave Alert : भीषण गर्मी का प्रकोप, छत्तीसगढ़ में पारा 45 के करीब, 19 अप्रैल तक की चेतावनी जारी…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगभग सभी हिस्सों में तापमान लगातार चढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बीते एक दिन में अधिकतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, और मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले कुछ दिनों में यह बढ़ोतरी जारी रह सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में और इजाफा होने की संभावना है। अनुमान है कि पारा 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और ऊपर जा सकता है। इसके बाद हल्की गिरावट के संकेत जरूर हैं, लेकिन उससे भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं जताई जा रही है। फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं होने के कारण आसमान साफ और वातावरण शुष्क बना हुआ है, जो तापमान बढ़ने की मुख्य वजह माना जा रहा है।
प्रदेश के बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में 19 अप्रैल तक लू चलने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को ठंडा रखने के उपाय अपनाने की अपील की जा रही है। विशेष रूप से बुजुर्ग, बच्चे और बीमार व्यक्तियों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।



