
धमतरी नगरी…सावन मास को लेकर प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक कर्णेश्वर धाम में तैयारियां शुरू हो गई हैं। कर्णेश्वर मंदिर ट्रस्ट की बैठक में इस वर्ष सावन महोत्सव को भव्य और श्रद्धापूर्ण ढंग से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाओं के साथ हर सोमवार प्रसादी वितरण और अंतिम सोमवार महारुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा।
कर्णेश्वर मंदिर ट्रस्ट की बैठक में सावन महोत्सव की रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सावन मास के प्रत्येक सोमवार को कर्णेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रस्ट की ओर से खीर-पूड़ी प्रसादी का वितरण किया जाएगा। वहीं सावन के अंतिम सोमवार को भगवान कर्णेश्वर महादेव का विशेष महारुद्राभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, प्रसादी वितरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष निकेश ठाकुर ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जिस पर सदस्यों ने चर्चा करते हुए आगामी धार्मिक आयोजनों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
ट्रस्ट अध्यक्ष विकल गुप्ता ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र माह है। कर्णेश्वर धाम आने वाले सभी श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ट्रस्ट पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
बैठक के अंत में ट्रस्ट से जुड़े दिवंगत सदस्यों और परिजनों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना भी की गई।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बेस, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हृदय साहू, ट्रस्ट उपाध्यक्ष रवि दुबे, सचिव भरत निर्मलकर, सह सचिव रामभरोसा साहू, मोहन पुजारी, योगेश साहू, छबि ठाकुर, रवि भट्ट, हनी कश्यप, अनिरुद्ध साहू, दुर्गेश साहू, पेमन स्वर्णबेर, महेंद्र कौशल, मिलेश साहू, ईश्वर जांगड़े, डोमार मिश्रा, नंद यादव, बंटी जैन, राकेश चौबे, अश्वनी निषाद, परमेश निषाद, गोलू सार्वा, अंश गौतम, विनोद पुरी गोस्वामी, संतु साहू सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद हे।
इस बार कर्णेश्वर धाम में सावन महोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आयोजनों को भव्य बनाने के लिए ट्रस्ट ने सभी जरूरी व्यवस्थाओं का खाका तैयार कर लिया है।