छत्तीसगढ़

CG – सनकी आशिक का खौफनाक बदला : सरनेम बदलकर चला रहा था शादी की बात, खुली पोल तो टूटा रिश्ता, फिर जो हुआ….आरोपी युवक गिरफ्तार…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के कुदुदंड इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शादी से इनकार करने पर एक सिरफिरे युवक ने दिनदहाड़े एक युवती के पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक काफी समय से युवती से शादी करना चाहता था। इसके लिए उसने अपने परिवार के माध्यम से रिश्ता भी भिजवाया था। जांच में सामने आया कि युवक ने अपना सरनेम बदलकर और वास्तविक पहचान छिपाकर रिश्ता आगे बढ़ाने की कोशिश की थी। शुरुआती बातचीत के दौरान लड़की पक्ष को इस बात की जानकारी नहीं थी, लेकिन बाद में जब युवक की वास्तविक पहचान और सरनेम बदलने की बात सामने आई तो परिवार ने शादी से साफ इनकार कर दिया।

बताया जा रहा है कि इसी बात से आरोपी बुरी तरह नाराज था। वह लगातार बदला लेने की फिराक में था और मौके की तलाश कर रहा था। सोमवार को उसे मौका मिल गया। युवती के पिता घर के पास स्थित एक गैरेज में बाइक की मरम्मत कराने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और बिना किसी बहस के अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने एक के बाद एक कई वार किए। अचानक हुए हमले से गैरेज में मौजूद लोग भी घबरा गए। घायल व्यक्ति लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सबसे अहम बात यह रही कि पूरी वारदात गैरेज में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी का हमला साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और आरोपी की पहचान करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी।

घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार चाकू के कई वार लगने से उन्हें गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई।

CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में प्रेम प्रसंग, शादी का प्रस्ताव और उसे ठुकराए जाने के बाद पैदा हुई रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button