CG:लंबित प्रधानमंत्री आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने ग्राम पंचायत मोहरेंगा में आयोजित हुई आवास चौपाल जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर ने हितग्राहियों से किया संवाद, निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
रेनवाटर हार्वेस्टिंग के लिए प्रत्येक आवास में सोख्ता गड्ढा निर्माण करने की अपील*

संजू जैन जिला संवाददाता बेमेतरा 7000885784
*रेनवाटर हार्वेस्टिंग के लिए प्रत्येक आवास में सोख्ता गड्ढा निर्माण करने की अपील*
बेमेतरा: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत लंबित आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के उद्देश्य से जनपद पंचायत बेमेतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहरेंगा में आवास चौपाल का आयोजन किया गया चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई तथा निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं का समाधान करते हुए समय-सीमा में आवास पूर्ण कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
*हितग्राहियों से सीधे संवाद कर जानी निर्माण कार्य की स्थिति*
आवास चौपाल में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बेमेतरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लंबित आवासों के हितग्राही एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत में स्वीकृत एवं लंबित आवासों की सूची का पठन करते हुए प्रत्येक हितग्राही के आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
*निर्माण में आ रही समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश*
जिन हितग्राहियों को प्रथम अथवा द्वितीय किश्त प्राप्त होने के बावजूद आवास निर्माण प्रारंभ नहीं किया गया था अथवा निर्माण कार्य अधूरा था, उनसे व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
*समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने किया प्रेरित*
हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत प्राप्त किश्त राशि का समुचित एवं पारदर्शी उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने सभी हितग्राहियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवास पूर्ण करने का आग्रह किया। इसके लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर नियमित रूप से निर्माण कार्य की निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
*हर आवास में रेनवाटर हार्वेस्टिंग के लिए सोख्ता गड्ढा बनाने की अपील*
चौपाल के दौरान जल संरक्षण के महत्व पर भी विशेष बल दिया गया। सभी ग्रामवासियों एवं हितग्राहियों से प्रत्येक प्रधानमंत्री आवास में रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के तहत सोख्ता गड्ढा निर्माण करने की अपील की गई, ताकि वर्षा जल का संरक्षण हो सके और भू-जल स्तर को बढ़ाने में सहायता मिल सके।
*निर्माणाधीन आवास, तालाब एवं आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण*
कार्यक्रम के पश्चात जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पद्माकर ने ग्राम पंचायत में निर्मित एवं निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। इसके साथ ही वी.बी.जी. रामजी अंतर्गत निर्मित तालाब एवं आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के आवश्यक निर्देश दिए।
*योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना*
अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का उद्देश्य प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग, आवास चौपाल और हितग्राहियों से संवाद के माध्यम से लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।




