CG पति-पत्नी ने एक साथ छोड़ी दुनिया : संदिग्ध मौत से फैली सनसनी, घर के अंदर अलग-अलग कमरों में फंदे पर लटके मिले शव….

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम बीरेतरा से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग दंपत्ति के शव उनके ही घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान नंदकुमार साहू और उनकी पत्नी सुशीला बाई के रूप में हुई है। दोनों एक संपन्न परिवार से थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।
अलग-अलग कमरों में मिले शव
मामले को और भी रहस्यमय इसलिए माना जा रहा है क्योंकि दंपति के शव घर के दो अलग-अलग कमरों में फंदे पर लटके मिले हैं। एक ही घर में अलग-अलग स्थानों पर दोनों के शव मिलने से घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
संपन्न परिवार से जुड़े बुजुर्ग दंपति की इस तरह हुई संदिग्ध मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



