CG – पति बना जल्लाद : पत्नी को फावड़ा मारकर उतारा मौत के घाट, इस वजह से दिया खौफनाक वारदात……

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा से हत्या का मामला सामने आया है। जहां एक पति ने पत्नी की हत्या कर दी। यहां पति ने बच्चे नहीं होने और चरित्र पर शक के विवाद में अपनी ही पत्नी को फावड़ा मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी पति की तलाश शुरु कर दी है। यह पूरा मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान रंजना यादव के रूप में की गई है। रंजना की शादी 10 से 12 साल पहले गायत्री बस्ती में रहने वाले तुलसी यादव के साथ हुई थी। शादी को कई साल बीत जाने के बाद भी दोनों की कोई संताने नहीं थी। इसके अलावा तुलसी अपनी पत्नी के चरित्र पर भी शक करता था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद भी होता था।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और तुलसी ने गुस्से में अपनी पत्नी के सिर सहित कई जगहों पर फावड़े से हमला कर दिया। फावड़े के हमले से रंजना गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद उसके परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।
वहीं पत्नी की फावड़ा मारकर हत्या के बाद आरोपी तुलसी भी फरार हो गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रंजना के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही उसके फरार पति की भी तलाश शुरु कर दी है। पुलिस ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लेने का आश्वासन दिया है। उधर पूरे गांव में हत्या से सनसनी फैल गई है।



