छत्तीसगढ़

CG – आईकॉन मुस्कान का बड़ा यू-टर्न : 16 दिन पहले जिस दूल्हे को शराबी कहकर लौटाई थी बारात, अब उसी युवक से मंदिर में रचाई शादी…..

जांजगीर-चांपा। हाल ही में नशे में धुत दूल्हे की बारात लौटाकर पूरे प्रदेश में साहस और आत्मसम्मान की मिसाल बनीं मुस्कान प्रधान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार कहानी ने ऐसा मोड़ लिया है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। मुस्कान ने उसी संत कुमार के साथ खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर नया जीवन शुरू कर दिया।

23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में आयोजित विवाह समारोह उस समय विवादों में आ गया था, जब दुल्हन ने दूल्हे के नशे में होने का आरोप लगाते हुए शादी से इनकार कर दिया था। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और मामला प्रदेशभर में सुर्खियां बन गई। उस समय मुस्कान के फैसले को महिलाओं के आत्मसम्मान और साहस से जोड़कर देखा गया। हालांकि, शादी टूटने के बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी रहा।

मुस्कान और संत कुमार ने बताया कि घटना के बाद वे लगातार फोन पर संपर्क में रहे। बातचीत के दौरान दोनों ने उस दिन हुई घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की और धीरे-धीरे दोनों के बीच की गलतफहमियां दूर हो गईं। इसके बाद उन्होंने रिश्ते को एक और मौका देने का निर्णय लिया। गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र में अपनी ड्यूटी पर पहुंची थी। दोपहर करीब दो बजे वह वहां से निकली, लेकिन घर जाने के बजाय सीधे संत कुमार के गांव खोखरा पहुंच गई। यहां मनका दाई मंदिर में दोनों परिवारों के कुछ लोगों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न हुआ। बताया जा रहा है कि लड़के के परिवार को इस विवाह की जानकारी पहले से थी, जबकि लड़की के परिजनों को इसकी सूचना बाद में मिली।

युवक का दावा, शादी वाले दिन किसी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया

संत कुमार ने दावा किया कि उन्होंने कभी शराब का सेवन नहीं किया। उनके मुताबिक, शादी वाले दिन किसी ने उनके कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और लोगों को लगा कि वह नशे में हैं। उनका कहना है कि पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी। बाद में उन्होंने मुस्कान से अपनी बात रखी और माफी भी मांगी। बातचीत के बाद दोनों ने नए सिरे से रिश्ता शुरू करने का फैसला किया।

दोपहर में निकल गई थी केंद्र से, सीएसपी योगिता

इधर, परिवार परामर्श केंद्र से निकलने के बाद मुस्कान के घर नहीं पहुंचने पर उसके स्वजनों ने पुलिस को सूचना दी। सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि मुस्कान दोपहर बाद केंद्र से निकली थी, लेकिन शाम तक उसका मोबाइल बंद आने पर पुलिस और साइबर टीम ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जानकारी मिली कि वह खोखरा के मनका दाई मंदिर में संत कुमार से विवाह कर चुकी है।

23 जून को जो कुछ हुआ, वह गलतफहमी और कथित साजिश का परिणाम

मुस्कान और संत कुमार का कहना है कि 23 जून को जो कुछ हुआ, वह गलतफहमी और कथित साजिश का परिणाम था। अब सभी भ्रम दूर हो चुके हैं और उन्होंने आपसी सहमति से साथ रहने का फैसला किया है। 16 दिन पहले जिस शादी के टूटने की खबर पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी थी, वही रिश्ता अब दोबारा जुड़ने के कारण फिर सुर्खियों में है।

जानिये क्या था मामला?

23 जून को कोसमंदा गांव में शादी के दौरान दुल्हन मुस्कान ने दूल्हे संत कुमार पर नशे में होने का आरोप लगाकर मंडप में ही शादी से इनकार कर दिया था। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने भी मामले में रुचि दिखाई। मुस्कान को उसके साहस के लिए सम्मान मिला और परिवार परामर्श केंद्र में जिम्मेदारी भी दी गई। अब 16 दिन बाद दोनों ने आपसी सहमति से मंदिर में विवाह कर अपने रिश्ते को नया अवसर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button