छत्तीसगढ़

CG – ज्वेलरी व्यापारी से लूट : सरेराह चलीं गोलियां, व्यापारी की कार और करोड़ों के जेवर लेकर उड़े नकाबपोश, कट्टे की नोक पर फिल्मी स्टाइल में दिया वारदात को अंजाम…….

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में बंदूक की नोक पर सर्राफा व्यवसायी से लूट की सनसनीखेज वारदात हुई है। दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी को अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने रास्ते में रोककर मारपीट की और सोने-चांदी के जेवरात से भरी उनकी गाड़ी लूटकर फरार हो गए। बदमाश वारदात के बाद मौके पर अपनी वैन और बाइक छोड़ गए। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

राजकिशोर नगर के सरस्वती शिशु मंदिर के सामने रहने वाले संतोष तिवारी सर्राफा व्यवसायी हैं। वह महालक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से ज्वेलरी दुकान का संचालन करते हैं। वह दुकान बंद कर अपने घर जा रहे थे। दुकान बंद करते वक्त उन्होंने दुकान से महंगी ज्वैलरी अपनी मैहरून रंग की रेनॉल्ट कंपनी की गाड़ी में रख ली थी। वे रोज दुकान बंद करते वक्त दुकान के सारे गहने घर ले जाते थे और सुबह वापस लाकर दुकान में ग्राहकों के लिए सजाते थे।

राज किशोर नगर के टेलीफोन एक्सचेंज रोड शक्ति चौक में पहुंचे थे, तो अज्ञात नकाबपोश व्यक्तियों द्वारा संतोष तिवारी की गाड़ी को सफेद रंग की वैन से ओवरटेक कर रोक लिया गया। जैसे ही संतोष तिवारी रुके, पीछे से पैशन प्रो मोटरसाइकिल में सवार कुछ लोग आ गए। उन्होंने संतोष तिवारी को बंदूक दिखाकर गाड़ी से बाहर निकलने को कहा और उनके साथ जमकर मारपीट की। बदमाशों ने उन्हें बंदूक की बट से भी मारा, जिसके बाद वे संतोष तिवारी की गहनों से भरी गाड़ी लेकर फरार हो गए।

राजकिशोर नगर के महावीर सिटी के पास हुई घटना कॉलोनी के सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। इसी कारण हमलावरों ने हड़बड़ी में अपनी वैन और बाइक मौके पर ही छोड़ दी और ज्वैलर्स की ही गाड़ी में फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संतोष तिवारी को प्रथम अस्पताल में ले जाकर भर्ती करवाया। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि हमलावर नकाब पहने हुए थे।

आला अधिकारियों को घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंच गए। सरकंडा टीआई प्रदीप आर्य, सीएसपी निमितेश सिंह और एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने घटनास्थल का मुआयना किया और आरोपियों की गाड़ी को घेराबंदी कर खड़ा करवा दिया। वहीं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर चारों तरफ पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश शुरू हो गई है। पूछताछ में घायल संतोष तिवारी ने बताया है कि उन्हें हथौड़ी से मारा गया है।

इस संबंध में सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि टेलीफोन एक्सचेंज रोड, राजकिशोर नगर में कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा प्रार्थी संतोष तिवारी को रोककर मारपीट की गई एवं गाड़ी कार क्रमांक CG 10 AH 7707, मैरून कलर रेनॉल्ट कंपनी की कार को लूट कर फरार हो गए। कार में सोने-चांदी का सामान होना बताया गया है। मौके पर पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 P 0331 एवं कार क्रमांक CG 10 BJ 8147 आरोपियों द्वारा छोड़कर भाग गए। मौके से एक मैगजीन और कुछ राउंड भी प्राप्त हुए हैं, जो चलाए नहीं गए हैं। प्रार्थी के सिर में चोट है, जिसे हथौड़ी से मारना बताया गया है। घटना के तरीके को देखकर प्रतीत होता है कि आरोपियों को व्यवसायी के बारे में पहले से जानकारी थी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button