छत्तीसगढ़

CG JOB अलर्ट : नौकरी का शानदार मौका, 10वीं-12वीं पास युवाओं के लिए इतने पदों पर होगी भर्ती, तीन दिनों तक होगा प्लेसमेंट कैंप…..

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के जीपीएम जिले में 10वीं-12वीं पास युवाओं को नौकरी देने प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 16, 17 और 18 फरवरी को आयोजित किया जाएगा।

निजी क्षेत्र के कंपनियों में रोजगार के लिए शासकीय आईटीआई मरवाही में 16 फरवरी को, आईटीआई पेण्ड्रा में 17 फरवरी को और आईटीआई गौरेला में 18 फरवरी को प्लेसमेंट कैम्प आयोजित किया गया है। इन कैम्पों में शिवकृपा इंटरप्राइजेस राजनांदगांव द्वारा 300 विभिन्न व्यवसायिक पदों पर भर्ती की जाएगी।

कैम्पों में 10वीं, 12वीं, आईटीआई में सभी ट्रेडों में उत्तीर्ण विद्यार्थी, स्नातक, डिप्लोमाधारी, बी-टेक उत्तीर्ण महिला-पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। आयु सीमा 18 से 35 वर्ष के बीच है। कैम्प के संबंध में अधिक जानकारी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था गौरेला से कार्यालयीन समय में प्राप्त कर सकते हैं।

बिलासपुर में संभाग स्तरीय रोजगार मेला 12 एवं 13 फरवरी को

राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए 12 एवं 13 फरवरी को सवेरे 10 बजे से शाम 4 बजे तक आईटीआई कोनी में संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। 26 निजी कंपनियों द्वारा फायनेंस, एग्रीकल्चर, मैनेजमेंट, मेडिकल व फार्मेसी, सोलर एनर्जी, टेक्सटाईल इंडस्ट्री, सर्विस टेक्निकल, मेनुफैक्चरिंग, सिक्यूरिटी सर्विस, इंश्योरेंस, आटोमोबाईल, ज्वेलेरी जैसे क्षेत्रों में लगभग 4 हजार पदों पर भर्ती की कार्यवाही की जाएगी। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए रोजगार पंजीयन, ई रोजगार पोर्टल में आवेदक का ऑनलाईन मेला पंजीयन होना अनिवार्य है। इच्छुक आवेदक आधार कार्ड, फोटो, बायोडाटा एवं निर्धारित शैक्षणिक प्रमाण पत्र के साथ रोजगार मेले में शामिल हो सकते है। मेले में शामिल होने एवं रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी https://erojgar.cg.gov.in/ एवं छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप से प्राप्त कर सकते है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कोनी से भी संपर्क किया जा सकता है।

बीजापुर में 16 व 17 फरवरी को संभाग स्तरीय रोजगार मेला

युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 16 एवं 17 फरवरी 2026 को लाइवलीहुड कॉलेज आड़ावाल, जगदलपुर में संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

रोजगार मेले में जिला बीजापुर के अंतर्गत संचालित शासकीय आईटीआई बीजापुर, भोपालपटनम, उसूर एवं भैरमगढ़ की संस्थाओं से उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी भाग ले सकेंगे। जिन प्रशिक्षणार्थियों ने रोजगार मेले हेतु पूर्व में पंजीयन कराया है, वे अपने समस्त आवश्यक दस्तावेजों के साथ मेले में उपस्थित होकर सहभागिता कर सकते हैं। वहीं जिन प्रशिक्षणार्थियों का अब तक पंजीयन नहीं हुआ है वे अपने नजदीकी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई, से संपर्क कर पंजीयन कराकर संभाग स्तरीय रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।

मोहला में संभाग स्तरीय रोजगार मेला

प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा फरवरी माह में संभाग स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दिनांक 03 फरवरी 2026 को आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 एवं 13 फरवरी 2026 को बिलासपुर, 14 एवं 15 फरवरी 2026 को दुर्ग, तथा 16 एवं 17 फरवरी 2026 को सरगुजा एवं बस्तर संभाग में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इन मेलों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोडऩे का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रोजगार मेले के सफल आयोजन हेतु आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अंतर्गत उपयुक्त स्थल का चयन, नियोजक संस्थानों की सहभागिता, अभ्यर्थियों का पंजीयन, मोबिलाइजेशन, विभागीय समन्वय सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में ऑफर लेटर वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक संभाग से लगभग 2000 अभ्यर्थियों की उपस्थिति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि अभ्यर्थियों को ई-रोजगार पोर्टल/छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से पंजीयन एवं आवेदन हेतु प्रेरित किया जाए, ताकि मेले का संचालन सुचारु एवं प्रभावी रूप से किया जा सके।

Related Articles

Back to top button