CG – अस्पताल में लहराया चाकू : 200 रुपये के बिल पर अस्पताल में बवाल, चाकू लेकर पहुंचे युवकों ने की तोड़फोड़, एक आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के तिफरा के न्यू जनता अस्पताल में 200 रुपये के बिल को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। जहां इलाज कराने पहुंचे दो युवकों ने अस्पताल के अंदर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवक चाकू लेकर अस्पताल पहुंचे और कर्मचारियों के साथ विवाद करते हुए तोड़फोड़ तथा पथराव किया। घटना के दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में उपचार के बाद 200 रुपये के बिल के भुगतान को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों युवक चाकू लेकर अस्पताल पहुंचे थे और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने अस्पताल परिसर में जमकर उत्पात मचाया। अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए तोड़फोड़ की गई और पथराव भी किया गया। घटना के कारण मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल बन गया।
मामले की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी आदित्य बंसोड और युवराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इनमें से एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।



