छत्तीसगढ़

CG : तेंदुए की खाल का खेल! वन्यजीव तस्करी पर बड़ा एक्शन, खाल के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार……

नारायणपुर। नारायणपुर जिले के धौड़ाई वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने तेंदुए की खाल के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तेंदुए की खाल के अलावा दो बाइक भी बरामद की गई हैं।

कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वन विभाग मामले में आगे की जांच कर रहा है।

वन विभाग के अनुसार, धौड़ाई वन परिक्षेत्र के गायतापारा सड़क किनारे वन विभाग की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो बाइक पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से तेंदुए की खाल बरामद हुई।

वन विभाग ने बताया कि बरामद तेंदुए की खाल की लंबाई 184 सेंटीमीटर है। इसके सामने के पैरों के बीच की लंबाई 125 सेंटीमीटर, पिछले पैरों के बीच की लंबाई 118 सेंटीमीटर और पेट की चौड़ाई 55 सेंटीमीटर दर्ज की गई है।

मामले में सोनूराम कचलाम (39), निवासी रोहताड़, छोटेडोंगर, पुनीत कुमार बघेल (32), निवासी छोटेडोंगर और जमधर पोटाई (50), निवासी तारागांव, धौड़ाई को गिरफ्तार किया गया है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, नारायणपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वन विभाग अब मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तेंदुए की खाल आरोपियों के पास कहां से आई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। वन विभाग संभावित वन्यजीव तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।

Related Articles

Back to top button