Jannah Theme License is not validated, Go to the theme options page to validate the license, You need a single license for each domain name.
छत्तीसगढ़

CG – लापरवाही की भेंट चढ़ी जिंदगी : झोलाछाप के इंजेक्शन के बाद गर्भवती महिला की बिगड़ी तबीयत, नाक से खून निकला, उल्टियां-बेहोश हुई, बिना पोस्टमॉर्टम हुआ अंतिम-संस्कार….

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सर्दी-खांसी का इलाज कराने गई गर्भवती महिला की झोलाछाप डॉक्टर और सरपंच के क्लिनिक में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला पलारी थाना क्षेत्र के छेरकाडीह जारा गांव का है, जहां सर्दी-खांसी का इलाज कराने गई 4 महीने की गर्भवती महिला की झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, इंदु साहू की 2022 में अजय साहू से शादी हुई थी। उनका ढाई साल का बेटा है और वह दूसरी बार गर्भवती थीं। गुरुवार को सर्दी-खांसी की शिकायत पर वह गांव के ही जयंत साहू के पास इलाज कराने पहुंचीं, जो सरपंच भी है और बिना डिग्री पिछले 17 साल से इलाज करने की बात स्वीकार कर चुका है।

परिजनों के अनुसार, इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद महिला को उल्टियां होने लगीं और वह बेहोश हो गईं। डॉक्टर ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी भेज दिया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि नाक से झाग और खून भी निकला था।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा के अनुसार, महिला का शव दोपहर करीब 2 बजे अस्पताल लाया गया था। परिवार करीब 4 घंटे तक वहीं रहा और शाम 6 बजे पोस्टमॉर्टम न कराने का लिखित आवेदन देकर शव ले गया। इसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।

हैरानी की बात यह है कि परिजनों ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। फिलहाल पूरे मामले में आधिकारिक जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन बिना डिग्री 17 साल से इलाज करने का दावा करने वाले सरपंच-डॉक्टर की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button