CG – इश्क बना मौत की वजह! दो बच्चों की मां को हुआ प्यार, पति बन रहा था रास्ते का कांटा, बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट, ऐसे हुआ खुलासा……

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी इलाके में दो बच्चों की माँ ने अपने पति को मार डाला और प्रेमी को लेकर झारखंड लौट गई। पुलिस की जांच में एक- एक कर कड़ी खुलती गई और पूरा मामला सामने आ गया है।
जानिए पूरा मामला
झारखंड निवासी पूनम लोंमगा (35 वर्ष) अपने पति विनोद लोंमगा (40) को 18 मई को पैसे लेने का बहाना बनाकर ट्रेन से बिलासपुर लेकर आई। सुनियोजित साजिश के तहत पूनम, पति विनोद को सिरगिट्टी स्थित रेलवे ट्रैक के पास ले गई, जहां उसका प्रेमी सुगर टोपनो अपने दो साथियों के साथ पहले से मौजूद था। चारों ने मिलकर विनोद लोंमगा की वहीं पर हत्या कर दी और शव को रेलवे ट्रैक के पार पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला पूनम प्रेमी के साथ झारखंड लौट गई, लौटने के बाद पति के बारे में परिजनों को गुमराह करती रही। वह कहती रही, विनोद एक महीने बाद लौटेगा। जब परिवार वालों ने फोन पर बात कराने की बात कही तो वह गोलमोल जवाब देने लगी। इससे परिजनों को शक हुआ और उन्होंने ओढ़गा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बहू पर संदेह जताया।
झारखंड पुलिस ने शक के आधार पर पूनम से पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में वह टूट गई और पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। इसके बाद झारखंड पुलिस उसे लेकर बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना पहुंची, जहां उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हत्याकांड ने दो मासूम बच्चों की जिंदगी को अंधेरे में धकेल दिया है। आरोपी महिला और मृतक के दो बच्चे हैं। पति की हत्या के बाद महिला खुद जेल पहुंच गई, जिससे बच्चों का भविष्य संकट में पड़ गया है। मृतक के भाई राजेश ने बताया, पूनम बच्चों को घर में छोड़कर विनोद के साथ बिलासपुर आई थी।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी अभय सिंह बैस ने बताया,आरोपी महिला को गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है। हत्याकांड में शामिल आरोपी महिला के प्रेमी और दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



