छत्तीसगढ़

CG अरपा तट पर आस्था का महाकुंभ, 5100 दीपों से जगमगाएगा बिलासपुर, छठ पूजा में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का जनसैलाब..!

छत्तीसगढ़ बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा शुक्रवार, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। छठ महापर्व को लेकर शहर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अरपा नदी के तट पर स्थित विशाल स्थायी छठ घाट पर इस बार भव्य आयोजन की तैयारी की गई है।

करीब एक किलोमीटर लंबे छठ घाट पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यहां भगवान सूर्य और छठी मईया की आराधना के साथ आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा।

5100 दीपों से होगी अरपा मइया की महाआरती…

इस वर्ष छठ पूजा का प्रमुख आकर्षण 5100 दीपों से होने वाली अरपा मइया की भव्य महाआरती होगी। दीपों की रोशनी से पूरा अरपा तट जगमगा उठेगा। महाआरती के बाद करीब 15 से 20 मिनट तक आतिशबाजी भी की जाएगी।

दीपों की रोशनी, भव्य आरती और छठी मईया के जयकारों से अरपा तट का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आएगा।

नहाय-खाय से शुरू हुआ चार दिवसीय महापर्व…

छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई। व्रतधारियों ने स्नान और पूजा-अर्चना के बाद सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया,शनिवार को खरना की परंपरा निभाई जाएगी। इसके बाद व्रती महिलाएं करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखेंगी।

रविवार, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं सोमवार, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण होगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

एक किलोमीटर तक फैला छठ घाट..

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस बार छठ घाट का विस्तार करीब 1000 मीटर तक किया गया है। इससे व्रतधारियों को नदी तट पर पूजा-अर्चना और भगवान सूर्य को अर्घ्य देने में सुविधा मिलेगी,भव्यता और व्यवस्थाओं के कारण अरपा नदी का यह स्थायी छठ घाट बिलासपुर में छठ पूजा का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

ड्रोन और कैमरों से होगी सुरक्षा की निगरानी

छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है। घाट परिसर में ड्रोन और कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

आस्था के साथ स्वच्छता का संदेश…

छठ पूजा के दौरान धार्मिक आस्था के साथ अरपा नदी की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं से घाट और नदी को स्वच्छ रखने की अपील की गई है,पूजा सामग्री को नदी में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थान पर रखने और घाट परिसर में गंदगी नहीं फैलाने का संदेश दिया जा रहा है।

आस्था और भक्ति से जगमगाएगा बिलासपुर…

कुल मिलाकर इस बार बिलासपुर में छठ महापर्व भव्यता और विशेष आकर्षण के साथ मनाया जा रहा है। 5100 दीपों की रोशनी, अरपा मइया की महाआरती, सूर्य उपासना और छठी मईया के जयकारों से अरपा तट आस्था के रंग में रंगा नजर आएगा।

चार दिनों तक बिलासपुर में लोक आस्था, भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा और अरपा तट हजारों श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।

Related Articles

Back to top button