CG- महतारी वंदन योजना में इन महिलाओं से होगी वसूली, लाखो रुपए वापस वसूलेगा महिला एवं बाल विकास विभाग…..

रायपुर। महतारी वंदन योजना का लाभ शासकीय कर्मचारियों ने भी उठाया है। एक ओर जहां यह योजना जरूरतमंद महिलाओं के लिए राहत बनी वहीं दूसरी ओर कई सरकारी कर्मचारी और उनके परिवारों ने गलत जानकारी देकर इसका अनुचित लाभ उठाया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार लगभग 17 महीना तक लगातार शासकीय कर्मचारियों के खातों में हर महीने₹1000 ट्रांसफर होते रहे। रायपुर जिले में ऐसे 128 कर्मचारियों की पहचान हुई है। जिन्होंने गलत जानकारी देकर योजना में आवेदन किया और राशि प्राप्त की। इसमें 42 महिलाएं एवं शासकीय कर्मचारी थी जबकि बाकी उन पुरुष कर्मचारियों की पत्नियां, बेटियां या पेंशनधारी महिलाएं थी।
विभाग ने अब इन सभी लाभार्थियों से योजना की राशि वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कुल मिलाकर 21 लाख की वसूली का लक्ष्य रखा गया है। जिनमें से चार लाख की वसूली हो भी चुकी है। विभाग ने सभी संबंधित कर्मचारियों की सूची तैयार कर जिला स्तर पर रिकवरी अभियान शुरू कर दिया है।
एक और चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि कई मृत हितग्राहियों के खाते में भी योजना की राशि लगातार ट्रांसफर होती रही। हितग्राहियों के परिजनों द्वारा मृत्यु की सूचना विभाग को नहीं दी गई जिसके कारण विभाग को भौतिक सत्यापन के द्वारा इन मामलों का पता चला। रायपुर जिले में ऐसे लगभग 2000 मामले सामने आए हैं।