छत्तीसगढ़

CG – मलेरिया का हमला : एक ही परिवार के इतने बच्चे हुए संक्रमित, अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग…..

बिलासपुर। बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में मलेरिया ने एक बार फिर दस्तक दी है, जहाँ औरापानी गांव के एक ही परिवार के तीन बच्चों में मलेरिया की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स में भर्ती कराया गया है, जबकि गांव में विशेष जांच और दवा वितरण का अभियान शुरू कर दिया गया है।

कोटा विकासखंड के औरापानी गांव में किसान रामलाल यादव के तीन बच्चों के मलेरिया संक्रमित मिलने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। पिछले कई दिनों से तेज बुखार और कमजोरी से पीड़ित इन बच्चों की स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में जांच के बाद मलेरिया की पुष्टि हुई, जिसके बाद गंभीर स्थिति वाले एक बच्चे को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर करीब 250 लोगों की स्वास्थ्य जांच की और घर-घर जाकर दवाइयों का वितरण करने के साथ ही मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय शुरू कर दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार बारिश के मौसम में कोटा क्षेत्र में हर साल मलेरिया के मामले सामने आते हैं और पिछले वर्ष भी इस इलाके में बच्चों की मौत के मामले दर्ज हुए थे, जिसके कारण इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। डीन सिम्स रमणेश मूर्ति द्वारा दिए गए बयानों के बीच विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि बुखार आने पर तुरंत जांच कराएं, घर के आसपास पानी जमा न होने दें और मच्छरदानी का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। विभाग द्वारा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर इस रोकथाम अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button