CG- करोड़ों की चोरी का मास्टरमाइंड राजधानी से गिरफ्तार,एंटी क्राइम टीम ने दबोचा, सोने की कैंची से काटना चाहता था PM मोदी के बाल…

डेस्क : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तीन दुकानों से करीब 7 लाख रुपये की चोरी करने वाले शातिर चोर को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू के रूप में हुई है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड लंबा और चौंकाने वाला बताया जा रहा है।
वारदात के बाद आरोपी नागपुर और दिल्ली भाग गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी। जैसे ही वह दोबारा रायपुर लौटा, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना रायपुर की संयुक्त टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तारी की पुष्टि पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने की है।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक अजीब बयान दिया। उसने कहा कि वह “सोने की कैंची से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाल काटना चाहता था।” पुलिस ने उसके बयान को रिकॉर्ड में लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
सिविल लाइन थाना में शिव कुमार वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पंडरी स्थित उनकी ‘लब-डब’ कपड़े की दुकान में 31 जनवरी और 1 फरवरी की दरमियानी रात चोरी हुई। गल्ले से करीब 2.75 लाख रुपये नकद गायब थे।
उसी रात पास की नोवा फर्नीचर दुकान से 1.40 लाख रुपये और डिजाइनर सेनिटेशन व हार्डवेयर दुकान से 2.85 लाख रुपये चोरी हुए। इस तरह कुल चोरी की रकम लगभग 7 लाख रुपये तक पहुंच गई।
CCTV फुटेज से खुला राज
पुलिस ने घटनास्थलों के CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपी की पहचान लोकेश श्रीवास के रूप में हुई। पूछताछ में उसने चोरी की वारदातें कबूल कर लीं। उसके पास से 79,500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।



