CG – पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को लेकर मुख्य वन संरक्षक से हुई सार्थक चर्चा…

पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को लेकर मुख्य वन संरक्षक से हुई सार्थक चर्चा
जगदलपुर, बस्तर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला बस्तर की पर्यावरण उप समिति एवं प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा टीम बस्तर के प्रतिनिधियों ने आलोक तिवारी से सौजन्य भेंट कर पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन तथा आगामी पर्यावरणीय योजनाओं एवं गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा टीम बस्तर के सदस्य मनीष कुमार अहीर एवं विधु शेखर झा ने बस्तर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, वृक्षारोपण, प्रकृति शिक्षा, युवाओं की सहभागिता तथा जनजागरूकता अभियानों से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। साथ ही आगामी विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रमों एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में सहयोगात्मक प्रयासों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला बस्तर की पर्यावरण उप समिति की भूमिका और भावी कार्ययोजनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। समिति में विधु शेखर झा अध्यक्ष, मनीष अहीर सचिव, अंजू झा सह-सचिव तथा सक्रिय सदस्यों के रूप में सुभाष क्षेत्रपाल, रोहन घोष एवं सुशील पांडे पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
मुख्य वन संरक्षक आलोक तिवारी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताते हुए बस्तर की समृद्ध प्राकृतिक धरोहर एवं जैव विविधता के संरक्षण हेतु सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। बैठक में भविष्य में संयुक्त रूप से पर्यावरण जागरूकता, प्रकृति शिक्षा एवं हरित अभियानों को गति देने का संकल्प लिया गया।



