छत्तीसगढ़

CG- नाबालिग का कराया गर्भपात, सबूत मिटाने नदी में फेंका भ्रूण, पुलिस ने आरोपी महिला डॉक्टर को किया गिरफ्तार….

बिलासपुर। शहर में नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भपात के मामले में पुलिस ने एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने उसका गर्भपात कराया। इतना ही नहीं, गर्भपात के बाद भ्रूण को भी ठिकाने लगा दिया गया। पुलिस के मुताबिक, भ्रूण इस मामले में अहम साक्ष्य था, जिसे नष्ट करने के लिए अरपा नदी में फेंक दिया गया। डॉक्टर पर इस गंभीर अपराध की सूचना पुलिस को नहीं देने का भी आरोप है। मामले में कार्रवाई करते हुए तोरवा पुलिस ने महिला डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में बुधवारी, तोरवा निवासी गणेश सोनी (30) पर नाबालिग को शादी का झांसा देकर दिसंबर 2023 से लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। इसी दौरान बालिका गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि गणेश सोनी ने अस्पताल में महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह की मदद से उसका गर्भपात कराया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गर्भपात कराने में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की। इसी कड़ी में उसलापुर निवासी महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह (43) से पूछताछ की गई। जांच में पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले, जिनसे गर्भपात की प्रक्रिया में उनकी संलिप्तता सामने आई।

पुलिस जांच के अनुसार, डॉक्टर को यह पता था कि गर्भपात कराने वाली बालिका नाबालिग है। इसके बावजूद उन्होंने गर्भपात कराया। पुलिस का आरोप है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को मामले से जुड़े अहम साक्ष्य के रूप में जानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा, बालिका के साथ हुए अपराध की जानकारी भी पुलिस को नहीं दी गई।

इस मामले में पुलिस पहले ही गणेश सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। अब जांच के दौरान महिला डॉक्टर की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें भी गिरफ्तार किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की तलाश और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

तोरवा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3), 89, 238 और 3(5) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ), 6 और 21 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button