CG बदमाशों के हौसले बुलंद,पेट्रोल पंप पर आधी रात मचाया उत्पात, कर्मचारी से मारपीट..

छत्तीसगढ़ धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक अंतर्गत साकरा स्थित पेट्रोल पंप पर आधी रात कुछ युवकों द्वारा हंगामा और मारपीट की घटना सामने आई है…आरोप है कि वाहन में सवार युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट की, जिससे कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल कर्मचारी ने सिहावा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरी ब्लॉक के साकरा गांव में स्थित मंशाराम फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर देर रात एक वाहन में सवार करीब छह से सात युवक पहुंचे। युवकों ने पहले अपने वाहन में डीजल फुल कराने की बात कही। इसी दौरान उनमें से एक युवक अचानक कर्मचारी के हाथ से डीजल नोजल छीनकर इधर-उधर डीजल फेंकने लगा…
कर्मचारी द्वारा इसका विरोध किए जाने पर युवक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए कर्मचारी के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोट लगी। घटना के बाद घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर सात टांके लगाए…
बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप परिसर में जिस तरह से डीजल फैलाया गया, उससे बड़ा हादसा होने की भी आशंका बन गई थी। पेट्रोल पंप के आसपास आवासीय मकान भी स्थित हैं। ऐसे में यदि किसी तरह की चिंगारी या आग लग जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी और आसपास के घरों तक इसका असर पहुंच सकता था। घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी ने सुबह सिहावा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित कर्मचारी ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।