छत्तीसगढ़

CG – 10वीं बोर्ड परीक्षा में मुन्ना भाई : परीक्षा के दौरान तीन छात्र चिट से लिख रहे थे प्रश्नों के उत्तर, हटाए गए केंद्राध्यक्ष…..

सूरजपुर। सूरजपुर में चल रही 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आया है। प्रशासन की उड़नदस्ता टीम ने निरीक्षण के दौरान तीन छात्रों को नकल करते हुए पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

दरअसल, कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के तहत गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष उड़नदस्ता टीम बनाई गई थी। भटगांव के तहसीलदार के नेतृत्व में टीम अलग-अलग परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करने पहुंची।

निरीक्षण के दौरान सलका स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में एक छात्र को नकल सामग्री के साथ पकड़ा गया. वहीं एक निजी स्कूल के दो अन्य छात्र भी नकल करते हुए पाए गए। टीम ने तीनों छात्रों के पास से नकल सामग्री बरामद कर उनके खिलाफ नकल प्रकरण दर्ज कर लिया।

उड़नदस्ता टीम की कार्रवाई के बाद परीक्षा केंद्रों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने भी सख्त कदम उठाए। जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों को उनके पद से हटा दिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि बोर्ड परीक्षा में किसी भी तरह की नकल या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button