CG- सफाईकर्मी की हत्या : आरोपियों ने चाकू मारकर उतारा मौत के घाट, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस….

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। नगर निगम में सफाईकर्मी के रूप में काम करने वाले व्यक्ति की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो नाबालिग युवकों को हिरासत में लिया है। हालांकि, मृतक के परिजन इस वारदात में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका जता रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों का पता लगाने की मांग की है।
जानिए पूरा मामला
यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान अविनाश परिहार उर्फ नासो (26) के रूप में हुई है, जो नगर निगम में सफाईकर्मी का काम करता था। मृतक की पत्नी पद्मा निर्मलकर ने बताया कि अविनाश शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर पर नाश्ता करने आए थे। इसके बाद वे नगर निगम की ड्यूटी पर चले गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उन्होंने एक परिचित से अविनाश के बारे में पूछा।
परिचित ने बताया कि अविनाश कुछ लड़कों के साथ सिद्धार्थ नगर स्थित ग्राउंड में बैठे हुए हैं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान हत्या की जानकारी मिली। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
भांजे ने दो नाबालिगों पर लगाया हमला करने का आरोप
मृतक के भांजे अरमान भारद्वाज ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे मामा के घर पहुंचा था। मामी से पूछने पर पता चला कि अविनाश हाजिरी दिलाने गए हैं। इसके बाद वह बताए गए स्थान पर पहुंचा। अरमान के मुताबिक, मौके पर पहुंचने पर उसे मामा की आवाज सुनाई दी। जब वह दौड़कर वहां पहुंचा तो अविनाश जमीन पर पड़े थे और दो नाबालिग उन पर चाकू से हमला कर रहे थे। अरमान का दावा है कि उसे देखकर दोनों युवक मौके से भाग गए।
इधर, मृतक के परिजनों ने हत्या में केवल नाबालिगों की भूमिका होने पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उसके पीछे किसी वयस्क व्यक्ति की भूमिका भी हो सकती है। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने और हत्या में शामिल सभी लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।



