CG – प्रेमिका की हत्या : प्रेमी ने रची प्रेमिका की हत्या की साजिश, बहला-फुसलाकर खेत में बुलाया, फिर उतारा मौत के घाट, वजह जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान…..

महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम इंद्रपुर में एक युवती की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। इस मामले में युवती के प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की प्रेमिका गर्भवती हाेने के बाद शादी के लिए दबाव बना रही थी। उसने बदनामी के डर से प्रेमिका की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने सूचना दी कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री पुष्पा अजगल्ले, जो जन्म से मूकबधिर थी, का शव घर से करीब 150 मीटर दूर रविलाल नाग के खेत में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला है। मृतका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देशन में स्पेशल टीम गठित की।
घटना स्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतका के परिजनों से पूछताछ में एक अहम सुराग मिला। पता चला कि गांव के ही लोकनाथ पटेल (27) ने शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाए थे। जांच में यह भी सामने आया कि युवती गर्भवती थी और वह आरोपी पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने संदेही लोकनाथ पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी प्रेमी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि युवती के गर्भवती होने के बाद वह शादी के लिए दबाव बना रही थी। वह समाज में बदनामी के डर से परेशान था इसी कारण उसने युवती की हत्या की साजिश रची। सोमवार की देर रात करीब 12:30 से एक बजे के बीच उसने युवती को बहला-फुसलाकर खेत में बुलाया। उसने प्रेमिका को समझाने की कोशिश की। इसी बीच हुए विवाद के दौरान पास पड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



