छत्तीसगढ़धमतरी

CG- अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, आत्महत्या का झूठा ड्रामा नहीं चला, 48 घंटे में खुला राज,मां और भाई ही निकले बेटे के हत्यारे..!

Chhattisgarh धमतरी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर एक ऐसे अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा दी, जिसे आत्महत्या का रूप देकर छिपाने की कोशिश की गई थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के आरोप में मृतक की मां और भाई को ही गिरफ्तार किया गया है।

मामला धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र की बिरेझर चौकी अंतर्गत ग्राम गोजी का है। 29 जून को 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वैज्ञानिक और गहन जांच शुरू की गई।

घटनास्थल का निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के बयान सामने आने के बाद पुलिस को संदेह हुआ कि युवक ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मौत गला दबाने और रस्सी से श्वास अवरुद्ध होने के कारण हुई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के भाई नरेश साहू और मां कमला बाई साहू से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के अनुसार, मृतक शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं देने पर विवाद बढ़ा और गुस्से में दोनों ने पहले उसका गला दबाया, फिर रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, उन्हें शक था कि वह जीवित है, इसलिए उसे कीटनाशक भी पिला दिया।

हत्या के बाद दोनों ने शव को फांसी पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे और पुलिस जांच को गुमराह किया जा सके। लेकिन वैज्ञानिक जांच और सूक्ष्म विवेचना के चलते साजिश का पर्दाफाश हो गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस की त्वरित और वैज्ञानिक जांच ने महज 48 घंटे में इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

Related Articles

Back to top button