CG Naxalites Surrender: 15 नक्सलियों ने किया सरेंडर, गृह मंत्री को पत्र लिखकर जताई थी इच्छा…

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली में 15 नक्सलियों ने शनिवार, 28 फरवरी की देर रात सरेंडर कर दिया और मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।
जानकारी के अनुसार ये सभी नक्सली प्रतिबंधित संगठन की बीबीएम (BBM) कमेटी से जुड़े बताए जा रहे हैं। देर रात बलोदा थाना पहुंचकर इन्होंने औपचारिक रूप से सरेंडर किया।
इसके बाद सभी को महासमुंद स्थित रक्षित केंद्र लाया गया है। पुलिस आज प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी साझा करेगी।
डिप्टी सीएम को लिखा था पत्र
बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने पहले ही डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर सरेंडर की इच्छा जताई थी। पत्र में उन्होंने मुख्यधारा में लौटकर सामान्य जीवन जीने की बात कही थी।
पुलिस के अनुसार, शासन की पुनर्वास नीति और लगातार चलाए जा रहे अभियान के चलते नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। सरेंडर करने वाले नक्सलियों को नियमानुसार पुनर्वास योजना का लाभ दिया जाएगा।
नक्सलवाद के खात्मे की 31 मार्च डेड लाइन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश में नक्सलवाद की सफाए की तारीख 31 मार्च घोषित कर दी है। जिस पर सीजी समेत कई प्रदेश की सरकार लगातार नक्सलियों पर दबाव बनाकर सरेंडर करा रही है। साथ ही कुछ हार्डकोर नक्सलियों का एनकाउंटर कर रही है।



