CG New Chief Secretary: आईएएस विकासशील होंगे नये मुख्य सचिव! जानिए कौन है छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस विकासशील?

डेस्क : छत्तीसगढ़ प्रशासन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1994 बैच के आईएएस विकासशील को राज्य का नया मुख्य सचिव (Chief Secretary of Chhattisgarh) नियुक्त किए जाने की संभावना है। विकासशील वर्तमान सीएस अमिताभ जैन की जगह लेंगे।
अमिताभ जैन का कार्यकाल 30 को होगा समाप्त
वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन को तीन महीने का अतिरिक्त कार्यकाल दिया गया, जो 30 सितंबर को समाप्त हो रहा है।
इसके बाद विकासशील की नियुक्ति लगभग तय मानी जा रही है।
विकासशील 2018 से केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर
1994 बैच के आईएएस अधिकारी विकासशील 2018 से केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं। वो वहां एशियाई विकास बैंक के कार्यकारी निदेशक थे। अब उनकी जगह एशियाई विकास बैंक का नया कार्यकारी निदेशक एल श्रीनिवास को बनाया गया। इससे अब विकासशील का छत्तीसगढ़ लौटना तय हो गया है।
पहले एमपी कैडर में थे आईएएस
विकासशील मूलतः उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पहले मध्यप्रदेश के विभाजन से पहले वे एमपी कैडर के आईएएस थे। साल 2000 में छत्तीसगढ़ बनने के बाद छत्तीसगढ़ में आ गए। बिलासपुर और रायपुर के कलेक्टर रह चुके हैं।
जन्म और शिक्षा:
विकासशील गुप्ता छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अफसर हैं। उनका परिवार मूलतः उत्तरप्रदेश का रहने वाला है। बाद में उत्तराखंड के गढ़वाल में बस गया। विकासशील का जन्म 10 जून 1969 को हुआ है। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजिनियरिंग से बीई किया फिर इलेक्ट्रिकल इंजिनियरिंग से एमई किया। विकासशील गुप्ता ने 4 सितंबर 1994 को आईएएस की सर्विस ज्वॉइन की है।
जीवनसाथी:
विकासशील गुप्ता का विवाह निधि छिब्बर से हुआ है। निधि छिब्बर हरियाणा की रहने वालीं है। वे छतीसगढ़ कैडर की 1994 बैच की आईएएस अफसर हैं। दोनों पति–पत्नी बैचमेट हैं। वर्तमान में वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नीति आयोग में एडवाइजर थी। मई 2025 से उन्हें नीति आयोग में विकास निगरानी और मूल्यांकन कार्यालय (डीएमईओ) का महानिदेशक बनाया गया है।
विकासशील का प्रोफ़ेशनल कैरियर:
आईएएस विकासशील गुप्ता ने मध्यप्रदेश कैडर के आईएएस अफसर थे। पृथक छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर चुन लिया। वे छत्तीसगढ़ की न्यायधानी कहे जाने वाले बिलासपुर जिले के कलेक्टर रहें है। बिलासपुर जिले से पृथक होकर अलग जिला बनने वाले जांजगीर जिले में प्रशिक्षण के दौरान जांजगीर एसडीएम रहे हैं। इसके अलावा वे अप्रैल 2007 से अप्रैल 2008 तक राजधानी रायपुर के भी कलेक्टर रहें है। कई विभागों में सचिव रहे हैं। 2018 से वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भारत सरकार में है। वह स्वास्थ्य कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव रहे। जल शक्ति मंत्रालय में पेयजल और स्वच्छता विभाग में जल जीवन मिशन के अतिरिक्त सचिव और मिशन निदेशक रहें। जनवरी 2024 से एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) में कार्यकारी निदेशक के सलाहकार पद पर तैनात थे। उनका कार्यकाल वहां तीन साल का था। जहाँ से औपचारिक रूप से रिलिव कर दिया गया है। केवल आदेश जारी होना बाकी है।
विकासशील ने मास्टर एंड एक्जीक्यूटिव मास्टर ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन एंड सर्टिफिकेट ऑफ एडवांस स्टडी हेल्थ सर्विस मैनेजमेंट एंड पॉलिसी का कोर्स सिरैक्यूज़ विश्वविद्यालय यूएसए से किया है।
CS अमिताभ जैन को मिला था एक्सटेंशन
वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन का रिटायरमेंट 31 जुलाई 2025 को हो गया था। इसके बाद उन्हें 3 महीने का एक्सटेंशन मिला था। एक्सटेंशन 30 सितंबर को खत्म हो रहा है।