CG News : छत्तीसगढ़ के इस जिले में एक साथ 500 से अधिक परिवारों ने की घर वापसी, ईसाई धर्म छोड़कर अपनाया भगवा चोला, जूदेव ने चरण पखार कर किया स्वागत……

सक्ती। छत्तीसगढ़ में घर वापसी का सिलसिला जारी है। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 500 से अधिक परिवारों के कुल 610 लोगों ने विधि-विधान के साथ हिंदू धर्म में वापसी की। सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व धर्म जागरण समन्वय की पदाधिकारी अंजू गबेल ने किया, जहाँ वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक अनुष्ठानों के बीच इन परिवारों का सनातनी परंपरा में सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
इस आयोजन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव की मौजूदगी रही। उन्होंने सभी परिवारों के चरण पखारकर उनकी घर वापसी कराई। आयोजकों ने बताया कि यह पूरी पहल स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव द्वारा शुरू किए गए ऐतिहासिक अभियान से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य विलुप्त होती सांस्कृतिक पहचान को पुनर्स्थापित करना है। Ghar wapsi कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने धर्म और राष्ट्र की रक्षा का संकल्प लिया। संतों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान न रहकर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरण का प्रतीक बन गया।
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि घर वापसी अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा। समाज में सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने और परंपराओं से जुड़ाव मजबूत करने के उद्देश्य से इसे एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बनाया जाएगा। इसके लिए भविष्य में गांव-गांव तक पहुंच बनाने और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की योजना तैयार की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर सामाजिक एकजुटता को सुदृढ़ किया जा सके।



