CG -नो सिग्नल ने मचाया बवाल : स्मार्टफोन में सिग्नल गया तो खो बैठी मानसिक संतुलन, उठाया ये खौफनाक कदम, फिर जो हुआ…..

कोरबा। डिजिटल लत का एक हैरान करने वाला मामला करतला क्षेत्र से सामने आया है। इंटरनेट कनेक्शन बंद होने से टीवी शो रुक गया, जिससे महिला इतनी परेशान हुई कि उसने कथित तौर पर अपनी जान दे दी। वहीं, जिला अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक इस साल आठ महीनों में 57 लोग आत्महत्या कर चुके हैं।
सिग्नल गया तो खो बैठी मानसिक संतुलन
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक करतला के केराकछार निवासी 55 वर्षीय प्रेमलाल सारथी दिहाड़ी मजदूरी करके अपनी 52 वर्षीया पत्नी मंगलो बाई और दो बच्चों का भरण-पोषण करता है, जबकि उनका बड़ा बेटा कोरबा शहर में अलग रहता है। मंगलो बाई को हैंडसेट पर ऑनलाइन वीडियो सामग्री देखने की गहरी आदत थी। जब पति काम से बाहर था, तब महिला भोजन करते हुए स्क्रीन पर अपना पसंदीदा कार्यक्रम देख रही थी। अचानक सिग्नल गायब हो गया और मोबाइल के स्क्रीन पर वीडियो भी रुक गया। काफी देर इंतजार के बाद भी जब वीडियो नहीं चला, तो महिला आपे से बाहर हो गई। उसने गुस्से में आकर अपना हैंडसेट फर्श पर पटककर चकनाचूर कर दिया।
कमरे में जहरीली दवा गटककर बाहर आकर बैठी
इसके बाद वह कमरे में चली गई और किवाड़ अंदर से बंद कर लिया। करीब 10 मिनट बाद बाहर निकलकर वह बरामदे में रखी खाट पर आकर बैठ गई। कुछ ही पलों में उसे उल्टियां होने लगीं। घर में मौजूद बेटा-बेटी शुरुआत में इसे सामान्य अस्वस्थता समझते रहे, लेकिन विषैले रसायन की दुर्गंध फैलते ही उनके होश उड़ गए। घटना की खबर मिलते ही पति भी तुरंत घर लौटा। कमरे की छानबीन करने पर कीटनाशक का खाली डिब्बा बरामद हुआ, जिससे सारा मामला आईने की तरह साफ हो गया।
परिजनों ने तत्काल डॉयल 112 को सूचना देकर पीडि़ता को स्थानीय सामुदायिक केंद्र पहुंचाया। स्थिति नाजुक होने के कारण संजीवनी वाहन से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। चिकित्सकों के भरसक प्रयासों के बाद भी उपचार के एक घंटे के भीतर महिला ने दम तोड़ दिया। मर्ग कायम कर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।



