CG – सुहागरात पर पत्नी बोली- मैं किसी और को पसंद करती हूं, आपके साथ नहीं रहूंगी, फिर मायके पहुंच कर उठा लिया ये खौफनाक कदम….पिता को भेजी तस्वीर….

अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक गांव की नवविवाहिता ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। पांच मई को उसकी शादी हुई थी। उसने पति से कहा था कि वह किसी और को पसंद करती है, उसके साथ नहीं रहेगी। मायके वाले उसे विदा कराकर ले गए थे। इसी बीच उसने मायके में कीटनाशक का सेवन कर लिया। इसके पहले व्हाट्सएप पर उसने पिता को जहर की शीशी की तस्वीर भी भेजी थी।
मृतका जिस युवक को पसंद करती थी, उससे शादी करने से स्वजन ने मना कर दिया था तथा सूरजपुर जिले के एक गांव के युवक से सामाजिक रीति-रिवाज से उसकी शादी कराई थी। इसी से क्षुब्ध होकर नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या करने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ग्राम की युवती की शादी पांच मई को हुई थी। उसी रात पति से उसने कहा था कि वह किसी और युवक को पसंद करती है, आपके साथ नहीं रहूंगी।
इसी बीच उसका भाई व अन्य स्वजन विदाई कराकर उसे घर ले गए। पिता समेत घर के अन्य सदस्य बाहर गए थे। इस दौरान नवविवाहिता अकेली थी। इसी बीच उसने अपने पिता को फोन किया तथा कहा कि व्हाट्सएप चेक कर लें।
जब पिता ने व्हाट्सएप चेक किया तो जहर की शीशी की फोटो थी। इस पर हड़बड़ी में पिता ने फोन कर कहा कि जहर मत खाना, वह तत्काल घर आ रहा है। जब वह घर पहुंचा तो चांदनी जहर खा चुकी थी। फिर आनन-फानन में परिजनों द्वारा उसे राजपुर अस्पताल ले जाया गया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत
राजपुर से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन द्वारा उसे यहां लाकर भर्ती कराया गया। इसी बीच दोपहर करीब 1.30 बजे उसकी मौत हो गई। नवविवाहिता बेटी की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस को दिए गए बयान में परिजन ने बताया कि चांदनी कक्षा 9वीं तक पढ़ी थी। पिछले डेढ़ माह से उसका जशपुर जिला निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसने उन्हें बताया था कि वह उससे शादी करना चाहती है, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया था कि लडक़ा दूसरे समाज का है। इसके बाद आनन-फानन में उसकी 5 मई को शादी कर दी गई थी।



