CG – ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र 0.4 टिकारी स्कूल के बच्चों ने सैनिक भाइयों के लिए भेजी राखी और चिट्ठी पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी//रक्षाबंधन पर सीमा पर तैनात किसी भी सैनिक भाई की कलाई सूनी न रहे, इसी संकल्प के साथ मिनीमाता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टिकारी के छात्र-छात्राओं और पूरे शाला परिवार ने अनोखी पहल की।
विद्यालय के सभी बच्चों ने ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र 0.4 के तहत खुद से राखियां बनाकर, साथ में अपनी आंगन की चुटकीभर मिट्टी और भावभरी चिट्ठी देश की सीमाओं में तैनात सैनिक भाइयों के लिए भेजी।
प्राचार्य ने बताया रक्षाबंधन का महत्व…
कार्यक्रम में प्राचार्य तृप्ति कोसरिया ने बच्चों को रक्षाबंधन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक भाई विपरीत परिस्थितियों में भी डटकर देश की रक्षा करते हैं। ऐसे में यह हमारा कर्तव्य है कि त्योहार पर उन्हें अपनापन और सम्मान का एहसास कराएं।
3 साल से चल रहा है अभियान…
इस अभियान की जानकारी देते हुए विद्यालय के व्यायाम शिक्षक और पूर्व सैनिक आशीष मिश्रा ने बताया कि _ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र_ पिछले 3 वर्षों से सिपाही संगठन द्वारा अनवरत चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से रक्षासूत्र एकत्रित कर संगठन के माध्यम से उन्हें सेना मुख्यालय भेजा जाता है, जहां से ये राखियां देशभर की सीमाओं पर तैनात जवानों तक पहुंचाई जाती हैं।
स्कूल में हुए इस आयोजन से बच्चों में देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान का भाव देखने को मिला।



