छत्तीसगढ़

CG – गांव का समग्र विकास जिम्मेदारी से करें कलेक्टर संजय अग्रवाल मस्तूरी ब्लॉक में विशेष ग्राम सभा के साथ रिफॉर्म उत्सव आयोजित पढ़े पूरी ख़बर

0 जल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार पर हुई बिंदुवार चर्चा

बिलासपुर//गांधी जयंती के अवसर पर मस्तूरी ब्लॉक के सीपत, जयरामनगर, वेद परसदा और जोंधरा में विशेष ग्राम सभा के साथ रिफॉर्म उत्सव का आयोजन किया गया। बिलासपुर कलेक्टर *संजय अग्रवाल और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल जयरामनगर में आयोजित विशेष ग्राम सभा में शामिल हुए।

ग्राम सभा में गांव के समग्र विकास, जल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आजीविका और पंचायत के आय-व्यय सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कलेक्टर ने क्या कहा…

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ग्रामीणों को ग्राम सभा की ताकत बताते हुए कहा कि गांव का प्रत्येक ग्रामीण ग्राम सभा का सदस्य है और विकास से जुड़े निर्णयों में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत केवल निर्माण कार्य कराने वाली एजेंसी बनकर न रहे। ग्राम सभा को स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना भी सुनिश्चित करना चाहिए।

पानी पर विशेष जोर…

उन्होंने जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि *”अनाज बाहर से मंगाया जा सकता है, लेकिन पानी नहीं। इसलिए गांव का पानी गांव में ही बचाने की दिशा में काम करना जरूरी है।

किसानों और युवाओं को सलाह…

उन्होंने किसानों को दलहन-तिलहन की खेती और हरी खाद के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया। युवाओं से कौशल विकास के जरिए खेती के साथ छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया। कलेक्टर ने नशामुक्ति और स्वच्छता पर जोर देते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।

इस दौरान मौजूद रहे…

जनपद पंचायत मस्तूरी के सीईओ जोआर भगत, परियोजना अधिकारी संगीता शुक्ला, कार्यक्रम अधिकारी रुचि विश्वकर्मा, नोडल अधिकारी डीडीओ मिथलेश देवांगन, पंचायत इंस्पेक्टर बीएल कुर्रे, बलराम सोनवानी, तकनीकी सहायक संजय पटेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button