
छत्तीसगढ़ धमतरी। धान कटाई और मिंजाई का सीजन किसानों के लिए जहां मेहनत और कमाई का समय होता है, वहीं इस दौरान बरती जा रही छोटी-सी लापरवाही कई लोगों की जिंदगी में हमेशा के लिए अंधेरा कर रही है। धमतरी जिले में खेतों में उड़ते धान के तिनके और बालियां लोगों की आंखों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में अब तक 49 लोग आंखों की रोशनी गंवा चुके हैं। इनमें 14 लोगों की दोनों आंखों की दृष्टि प्रभावित हुई है, जबकि 35 लोग एक आंख की रोशनी खो चुके हैं।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि संक्रमण बढ़ने के कारण दो मरीजों की एक-एक आंख शल्य चिकित्सा के जरिए निकालनी पड़ी है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन तीन से चार मरीज आंखों में तिनका या धान की बाली लगने की शिकायत लेकर उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
कुरूद और नगरी में सबसे ज्यादा मामले
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले के कुरूद और नगरी विकासखंड में आंखों की रोशनी प्रभावित होने के सर्वाधिक मामले सामने आए हैं।
कुरूद विकासखंड में 10 लोगों की दोनों आंखों और 13 लोगों की एक आंख की रोशनी चली गई है। नगरी में 17 लोग एक आंख से दृष्टिहीन हुए हैं, हालांकि यहां दोनों आंखों की रोशनी जाने का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
वहीं मगरलोड विकासखंड में दो लोगों की दोनों आंखों और तीन लोगों की एक आंख की रोशनी प्रभावित हुई है। गुजरा और धमतरी क्षेत्र में भी दो लोगों की दोनों आंखों तथा दो लोगों की एक आंख की दृष्टि चली गई है।
आंख में तिनका लगने पर रगड़ना पड़ सकता है भारी
नेत्ररोग विशेषज्ञों के अनुसार धान की कटाई और मिंजाई के दौरान उड़ने वाले तिनके या धान की बालियां सीधे आंख की पुतली यानी कॉर्निया को नुकसान पहुंचा सकती हैं। आंख में कुछ चले जाने पर लोग अक्सर घबराहट में आंखों को तेजी से रगड़ने लगते हैं। इससे कॉर्निया पर घाव बन सकता है और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि कई लोग चिकित्सक की सलाह लेने के बजाय मेडिकल स्टोर से स्वयं आई ड्रॉप खरीदकर इस्तेमाल करने लगते हैं। विशेष रूप से स्टेरॉयड युक्त आई ड्रॉप का गलत इस्तेमाल घाव को गंभीर बना सकता है और फंगल एवं बैक्टीरियल संक्रमण का खतरा बढ़ा सकता है।
समय पर उपचार नहीं मिला तो बचाना मुश्किल
विशेषज्ञों के मुताबिक आंख की पुतली में घाव बनने के बाद संक्रमण तेजी से फैल सकता है। यदि समय पर नेत्र विशेषज्ञ से उपचार नहीं कराया गया, तो आंख की रोशनी स्थायी रूप से जा सकती है। पिछले वर्ष भी ऐसी लापरवाही के चलते दो मरीजों को अपनी एक-एक आंख गंवानी पड़ी थी। इस वर्ष भी गंभीर संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं।
किसानों और खेत मजदूरों के लिए जरूरी सावधानी
नेत्र विशेषज्ञों ने धान कटाई और मिंजाई के दौरान किसानों एवं खेत मजदूरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। काम के दौरान आंखों को सुरक्षित रखने के लिए सुरक्षात्मक चश्मे का उपयोग करना चाहिए। आंख में तिनका या धान की बाली चले जाने पर आंख को रगड़ने और बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई भी आई ड्रॉप डालने से बचना चाहिए। ऐसी स्थिति में तत्काल नेत्र विशेषज्ञ से जांच और उपचार कराना जरूरी है।
एक छोटी सी लापरवाही जिंदगीभर का अंधेरा बन सकती है। इसलिए धान कटाई और मिंजाई के दौरान किसान अपनी मेहनत के साथ-साथ आंखों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें।

