CG – दर्दनाक हादसा : कार शो रूम में गिरी लिफ्ट, कर्मचारी की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, प्रबंधन पर लगाया ये गंभीर आरोप…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में लिफ्ट गिरने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के सरोना स्थित एमजी हेक्टर कार शोरूम की है। मृतक कार शो रूम में ही काम करता था। कर्मचारी जब लिफ्ट से नीचे उतर रहा था, तभी ये हादसा हुआ। घटना में मृतक के दोनो पैर टूट गये थे और सिर पर गंभीर चोट लगी थी।
जानिए पूरा मामला
आपको बता दें सरोना स्थित कार शोरूम एमजी हेक्टर में रोज की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान सेल्स कर्मचारी राज एस. राव लिफ्ट से नीचे उतर रहा था, तभी लिफ्ट टूटकर नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि लिफ्ट के नीचे राज एस. राव बुरी तरह से दब गया था। हादसे में दोनों पैर टूट गये थे और रीढ़ की हड्डी व सिर पर गंभीर चोट लगी थी।
शो रूम प्रबंधन ने आनन-फानन में कर्मचारी को पहले कोटा रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। हालत गंभीर होने पर कर्मचारी को देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में रिफर किया गया था। 20 दिनों तक चले उपचार के बाद आज सुबह कर्मचारी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
प्रबंधन पर गंभीर आरोप
मृतक राज एस. राव के परिजनों ने कार शो रूम प्रबंधन पर लापरवाही का बड़ा आरोप लगाया है। परिजनों ने मीडिया को बताया कि शो रूम प्रबंधन ने घटना की सूचना दिये ही घायल को पहले कोटा में भर्ती कराया, फिर हालत गंभीर होने पर उसे देवेंन्द्र नगर में रिफर किया गया। प्रबंधन की लापरवाही से उनके बेटे की जान चले गई। परिजनों ने शोरूम प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।