CG – पीएमश्री स्कूल बना फैशन और रील्स का अड्डा, DEO को कलेक्टर ने फटकारा, स्कूल में फैशन परेड और रील्स बनाने के केस में मांगी रिपोर्ट……

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में पीएमश्री स्कूल में महिला शिक्षिकाओं ने स्कूल को फैशन परेड और रील्स बनाने का अड्डा बना लिया है। गरियाबंद कलेक्टर बीएस उइके ने मामले में संज्ञान लेते हुए डीईओ से रिपोर्ट मांगी है। अराजकता और अव्यवस्था को लेकर नाराज कलेक्टर ने डीईओ को फटकार लगाई है। अचरज की बात ये कि कैटवाक करते रील्स बनाने वालों में उप प्राचार्या भी शामिल थीं।
कलेक्टर ने डीईओ को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। कलेक्टर ने बताया कि वीडियो और रील्स में दिखाई दे रही शिक्षिकाओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगने का निर्देश डीईओ को दिया है। डीईओ की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि गरियाबंद के पीएमश्री स्कूल की शिक्षिकाओं का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में जो कुछ दिख रहा है, शिक्षकीय कार्य और शिक्षक की गरिमा के विपरीत है। क्लास रूम में बच्चों को पढ़ाई कराने के बजाय शिक्षिकाएं ग्रुप फोटो,ग्रुप वीडियो में व्यस्त नजर आ रही है। स्कूल में अनुशासनहीनता इस कदर हावी है कि टीचर और स्टाफ प्रिंसिपल की बात ही नहीं मान रही हैं।



