CG पुलिस भर्ती : इस तारीख से फिर शुरू होगी पुलिस भर्ती, अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से जारी हुए एडमिट कार्ड….

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती में फर्जीवाड़े की शिकायत के बाद एक बार फिर पुलिस भर्ती शुरू हो रही है। जानकारी मिली है कि इस बार राजनांदगांव रेंज की पुलिस आरक्षक भर्ती खैरागढ़ पुलिस महकमे के हवाले कर दिया गया है। आगामी 26 फरवरी से दोबारा भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। राज्य पुलिस हेडक्वार्टर से अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। प्रवेश पत्र में अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग तिथि निर्धारित की गई है।
आपको बता दें कि राजनांदगांव में भर्ती प्रक्रिया के दौरान कई गड़बड़ियां सामने आई थी। भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। सरकार ने इसके बाद पूरी भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर दिया था। बताया जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय ने खैरागढ़ के छुईखदान स्थित केकतीबाड़ी मैदान में भर्ती की प्रक्रिया की मंजूरी दी है।
जानकारी के मुताबिक 65 हजार अभ्यर्थियों को नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया है। जिसमें शारीरिक दक्षता, दस्तावेज की जांच व शारीरिक माप संबंधी अन्य प्रक्रियाएं होंगी।
धांधली का आरोप लगने के कारण राजनांदगांव में आयोजित पूरी भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई थी। खैरागढ़ जिले में अब भर्ती फिर से शुरू होगी।