CG पुलिस ट्रांसफर : प्रशिक्षु SI को थानों-चौकियों की कमान, 2 माह तक संभालेंगे स्वतंत्र प्रभार, एसपी ने जारी किया आदेश…..

जांजगीर-चांपा। जिले में पुलिसिंग के व्यावहारिक प्रशिक्षण और प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों की नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS ने बड़ा कदम उठाया है। एसपी ने जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को दो माह के लिए स्वतंत्र प्रभार सौंपा है। अब प्रशिक्षु SI संबंधित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग और जनसेवा से जुड़े कार्यों का स्वतंत्र रूप से संचालन करेंगे।
एसपी द्वारा जारी आदेश के तहत ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। स्वतंत्र प्रभार के लिए महिला थाना, चौकी पंतोरा, थाना बम्हनीडीह, पुलिस सहायता केंद्र राहौद, कोटमी सोनार, थाना सारागांव, थाना बलौदा, थाना पामगढ़, थाना शिवरीनारायण, थाना अकलतरा और थाना नवागढ़ को शामिल किया गया है।
स्वतंत्र प्रभार मिलने से प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था संभालने, अपराधों की रोकथाम और विवेचना, पुलिस बल के समन्वय तथा आम लोगों से संवाद का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। इससे उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में निर्णय लेने और जिम्मेदारी के साथ पुलिसिंग करने का अवसर मिलेगा।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग के मुताबिक, प्रशिक्षु अधिकारियों को स्वतंत्र प्रभार देने की यह व्यवस्था उनके व्यावहारिक प्रशिक्षण और भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।






