CG – प्रधान पाठक सस्पेंड : ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में की बदसलूकी करने वाले प्रधान पाठक को DEO ने किया निलंबन, देखें आदेश…..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्राथमिक स्कूल बरपटिया के प्रधान पाठक विफल राम को निलंबित कर दिया गया है। ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में बदसलूकी करने का वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। DEO ने प्रधान पाठक के निलंबन का आदेश भी जारी कर दिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, प्रतापपुर विकासखंड के प्राथमिक स्कूल बरपटिया के प्रधान पाठक विफल राम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह शराब के नशे में बदसलूकी करते हुए नजर आ रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने इसकी जांच कराई और जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद उसके निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, प्राथमिक स्कूल बरपटिया के प्रधान पाठक विफल राम की ड्यूटी 8 फरवरी को SIR कार्य में लगी थी। आरोप है कि वह शराब के नशे में काम पर पहुंचे। इतना ही नहीं उन्होंने SIR कार्य में लगे कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बदसलूकी की। इस दौरान किसी ने प्रधान पाठक का वीडियो बना लिया, जो वायरल हो गया।
वीडियो के वायरल होते ही हड़कंप मच गया और जिला शिक्षा अधिकारी ने वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच के निर्देश भी दे दिए। जांच में प्रधान पाठक विफल राम का आचरण सिविल सेवा नियमों के खिलाफ पाया गया। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया।




